गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कासिमाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित बाल अपचारी को बहादुरगंज कस्बे के खरवाकुटी इलाके से पुलिस अभिरक्षा में लिया है। उसके विरुद्ध जनपद गाजीपुर के अलावा मऊ जिले में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे, चौकी प्रभारी बहादुरगंज, हमराह पुलिसकर्मियों के साथ संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर खास से मिली सूचना के आधार पर थाना कासिमाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 326/2026 में वांछित एवं 25 हजार रुपये के इनामी बाल अपचारी को खरवाकुटी कस्बा बहादुरगंज से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस के मुताबिक बाल अपचारी के विरुद्ध कासिमाबाद थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त मऊ जनपद के विभिन्न थानों में भी चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी एवं आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेने के बाद उसके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे, चौकी प्रभारी बहादुरगंज, थाना कासिमाबाद तथा उनके हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।