गाजीपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग के बाद चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन ने प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों के निकट संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में संचालित करने पर विशेष जोर दिया है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक एवं गतिविधि आधारित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें औपचारिक शिक्षा के लिए तैयार करना है। विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग भी आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के हित में किया जाएगा।

निर्देशों के अनुसार विद्यालय से 200 मीटर की परिधि में स्थित तथा गैर-विभागीय भवनों में संचालित चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में शिफ्ट किया जाना है। इसके लिए विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं निर्धारित स्थान/कक्षा-कक्ष के साथ बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय और खेलकूद के लिए उपयुक्त स्थान जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। शासन ने इस अभियान को मिशन मोड में पूरा करने पर विशेष बल दिया है।