गाजीपुर। राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई में शुक्रवार को उस समय आत्मीय माहौल देखने को मिला, जब किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट श्रीमती अर्पिता सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने इकाई का निरीक्षण कर वहां आवासित नवजात बच्चों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता, पोषण एवं देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने इकाई में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए बच्चों की देखभाल में जुटे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर प्रधान मजिस्ट्रेट श्रीमती अर्पिता सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह द्वारा नवजात बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद स्वरूप कपड़े, खिलौने एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। नन्हे बच्चों के प्रति अधिकारियों ने आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दत्तक ग्रहण इकाई में रहने वाले बच्चों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य श्रीमती माया सिंह, पेशकार नीरज, पेशकार सुरेंद्र, चाइल्ड हेल्पलाइन के कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार सिंह, राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई की अधीक्षिका श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव, श्रीमती रागिनी सिंह, श्रीमती जूही राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

