गाजीपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत जनपद गाजीपुर में पुलिस ने व्यापक जागरूकता और सुरक्षा अभियान चलाया।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर आमजन को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने का संदेश दिया गया।

वहीं, मिशन शक्ति अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और छात्राओं को परेशान करने वाले तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित गतिविधियों में लिप्त शोहदों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रशासन का यह अभियान सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनमें ‘डर नहीं, अधिकार और आत्मविश्वास’ की भावना मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

गाजीपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मिशन शक्ति के तहत ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।