गाजीपुर। साइबर अपराधियों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस की मुहिम में साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। त्वरित तकनीकी कार्रवाई करते हुए साइबर सेल ने 92 पीड़ितों के ठगे गए कुल ₹5,57,044 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर, नोडल अधिकारी साइबर, के मार्गदर्शन में साइबर सेल द्वारा लगातार साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गृह मंत्रालय के अधीन I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) के MRM पोर्टल से प्राप्त शिकायतों पर साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
साइबर सेल ने विभिन्न बैंकों, डिजिटल पेमेंट गेटवे और संबंधित वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम को समय रहते होल्ड और लीन कराया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ₹5,57,044 की पूरी धनराशि पीड़ितों के मूल बैंक खातों में वापस कराई गई।
इस सराहनीय कार्रवाई में साइबर क्राइम सेल प्रभारी उ0नि0 विवेक पाठक, आरक्षी शिवम सिंह, शुभम सिंह एवं प्रेमशंकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गाजीपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी के साथ OTP, UPI PIN, ATM/क्रेडिट कार्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, अनधिकृत QR कोड स्कैन करने तथा AnyDesk या TeamViewer जैसे स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करने से बचें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराकर वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।
गाजीपुर पुलिस का संदेश—सतर्क रहें, डिजिटल रूप से सुरक्षित रहें।

