गाजीपुर में हाईवे पर चला ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान, 335 वाहनों पर कार्रवाई
गाजीपुर, 05 सितंबर 2026।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उ0प्र0 लखनऊ एवं परिवहन आयुक्त के निर्देश पर गाजीपुर में सप्ताहान्त विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं एआरटीओ गाजीपुर की संयुक्त टीम ने हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री राकेश कुमार मिश्र एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार मय टीम ने हाईवे पर विशेष निगरानी रखते हुए ओवरस्पीड, स्टंट बाइकिंग एवं अन्य एमवी एक्ट के उल्लंघनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की।
अभियान के दौरान ओवरस्पीड के 125 वाहनों का चालान किया गया, जबकि एमवी एक्ट की अन्य सुसंगत धाराओं में 210 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 335 वाहनों का चालान करते हुए लगभग ₹5.10 लाख का शमन अधिरोपित किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओवरस्पीड और स्टंट बाइकिंग न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह स्वयं चालक और अन्य राहगीरों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी बन सकता है।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा सड़क पर स्टंट एवं लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की है।
गाजीपुर पुलिस का संदेश साफ है—रफ्तार का रोमांच नहीं, सुरक्षित सफर जरूरी है।

