सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलेभर से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 508 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 58 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
तहसील मोहम्मदाबाद में 91 में से 11, कासिमाबाद में 32 में से 7, जखनिया में 92 में से 11 तथा सदर तहसील में प्राप्त 120 प्रार्थना पत्रों में से 15 शिकायतों का मौके पर समाधान हुआ।
इसी क्रम में जमानिया तहसील में 105 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 10 का निस्तारण किया गया, जबकि सेवराई में 68 शिकायतों में से 4 का मौके पर समाधान हुआ।
अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को समय से राहत मिल सके।

