गाजीपुर। फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को झांसा देकर मोटी रकम वसूलने के आरोपों में घिरे गैंगलीडर विनोद कुमार गुप्ता के खिलाफ गाजीपुर पुलिस और राजस्व विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। थाना गहमर व थाना रेवतीपुर की संयुक्त पुलिस टीम तथा तहसील सेवराई की राजस्व टीम ने करीब ₹4.40 करोड़ की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार विनोद कुमार गुप्ता द्वारा “ऊँ श्री बक्सू बाबा एकेडमी” संचालित की जाती थी। आरोप है कि एकेडमी के माध्यम से बच्चों/युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए जाते थे और उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी। पुलिस का दावा है कि इसी आपराधिक गतिविधि से अर्जित धन से संपत्तियां खरीदी गईं।

डीएम के आदेश पर हुई कुर्की

पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने 27 अगस्त को संस्तुति की थी। इसके बाद जिलाधिकारी गाजीपुर द्वारा गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की आदेश पारित किया गया।

इसी आदेश के अनुपालन में 6 सितंबर 2026 को पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की चिह्नित अचल संपत्तियों को कुर्क कर जब्त किया।

कुर्क की गई संपत्तियों में—

1. मौजा उतरौली, परगना जमानियां, तहसील सेवराई स्थित आराजी संख्या 17 की 0.3770 हेक्टेयर भूमि शामिल है। पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹1.10 करोड़ है।

2. मौजा दुल्लहपुर, परगना जमानियां, तहसील सेवराई स्थित आराजी संख्या 34 में आरोपी के हिस्से की 591.6 वर्गमीटर भूमि शामिल है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹3.30 करोड़ बताई गई है। दोनों संपत्तियों की कुल अनुमानित बाजार कीमत ₹4 करोड़ 40 लाख है।

आरोपी पर दर्ज हैं 15 मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंगलीडर विनोद कुमार गुप्ता के खिलाफ रेवतीपुर थाने में वर्ष 2024 से 2026 तक कुल 15 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) और गैंगस्टर एक्ट की धाराओं में दर्ज मुकदमे शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ दर्ज मामलों में मु0अ0सं0 92/2024, 07/2025, 08/2025, 09/2025, 11/2025, 12/2025, 13/2025, 14/2025, 16/2025, 17/2025, 18/2025, 38/2025, 57/2025, 109/2026 और 150/2025 शामिल हैं।

 पुलिस-राजस्व टीम की संयुक्त कार्रवाई

कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी जमानियां, प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर मय पुलिस टीम, प्रभारी निरीक्षक थाना रेवतीपुर मय पुलिस टीम तथा तहसीलदार (प्रशासक) और नायब तहसीलदार तहसील सेवराई समेत राजस्व टीम शामिल रही।

फर्जी नौकरी के नाम पर नेटवर्क चलाने वालों पर शिकंजा

गाजीपुर पुलिस की यह कार्रवाई फर्जी नौकरी के नाम पर युवाओं को ठगने वाले नेटवर्क के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई के रूप में बड़ा झटका मानी जा रही है। पुलिस ने संगठित अपराध से अर्जित बताई गई संपत्ति पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर यह संदेश दिया है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को सुरक्षित रखना आसान नहीं होगा।