गाजीपुर। लघु एवं सीमान्त कृषकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और सहकारिता व्यवस्था को आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। उ.प्र. सहकारी ग्राम विकास बैंक लि. द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना तथा उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी के शुभारंभ का कार्यक्रम 23 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से किया गया। इसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में हुआ।
इसी क्रम में जिला पंचायत सभागार, गाजीपुर में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरोजेश सिंह, सभापति जिला सहकारी बैंक लि. गाजीपुर तथा विशिष्ट अतिथि आलोक प्रसाद, मुख्य विकास अधिकारी गाजीपुर रहे। इस अवसर पर ओमप्रकाश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष, भूमि विकास बैंक सैदपुर एवं जमानिया के शाखा प्रतिनिधि, भाजपा जिला महामंत्री, जिला सहकारी बैंक के संचालक मंडल सदस्य सहित सहकारिता विभाग एवं विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा बटन दबाकर सेतु एप और भारत टैक्सी एप का शुभारंभ किया गया। साथ ही उ.प्र. सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से लघु एवं सीमान्त किसानों के लिए ₹384 करोड़ की योजना शुरू की गई। योजना के तहत आगामी पांच वर्षों में 5 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के अंतर्गत कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के साथ अकृषि क्षेत्र में कार्य के लिए ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण, पांच वर्ष या उससे अधिक अवधि के लिए, 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्त चुकाने वाले किसानों को राज्य सरकार द्वारा ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया गया है।
वहीं सेतु एप के जरिए किसान अपने क्षेत्र की सहकारी समिति पर उर्वरक की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और सुविधाजनक तरीके से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए किसानों और सदस्यों से योजनाओं का लाभ उठाने तथा सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

