गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद में चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा किए जाने के बाद आदर्श चुनाव आचार संहिता के प्रावधान पूरे जनपद में तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता के सभी सुसंगत प्रावधान प्रभावी हो गए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने तथा चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े जनपद में अब प्रशासनिक स्तर पर निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की निगरानी और आचार संहिता के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

