गाजीपुर।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में काफी समय से वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को थानाध्यक्ष बहरियाबाद बासदेव प्रसाद पुलिस टीम के साथ अपराध नियंत्रण के लिए क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान बहरियाबाद चौराहे पर पुलिस को मुखबिर से वांछित अभियुक्तों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम पलिवार में घेराबंदी की और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे शिवकरन राम (70 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय बरसाती राम तथा शम्भू राम (48 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नन्हकू राम, निवासी ग्राम पलिवार, थाना बहरियाबाद, गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना बहरियाबाद में मु0अ0सं0 160/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा दोनों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बासदेव प्रसाद, उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र यादव सहित थाना बहरियाबाद पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।