गाजीपुर। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कमालपुर लोदी में आयुर्वेद दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आदिदेव भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय परिसर में औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इसमें बिल्व, आम्र, तुलसी, गुड़हल एवं वट सहित विभिन्न उपयोगी पौधे लगाए गए। चिकित्सकों ने औषधीय पौधों के स्वास्थ्य लाभ और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।
इसके साथ ही पीएम श्री विद्यालय कमालपुर में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रों को आयुर्वेद की उपयोगिता बताते हुए ऋतुचर्या, दिनचर्या तथा संतुलित आहार-विहार के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन के लिए प्राकृतिक एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं महुंवी ग्राम पंचायत में आउटरीच चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न औषधीय पौधों की उपयोगिता और उनके संरक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
इस आयोजन के माध्यम से आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने, प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

