गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत अधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य कार्मिकों के प्रशिक्षण को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक संबंधित कार्मिक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर न्यूनतम 02 कोर्स पूर्ण करना अनिवार्य किया गया है।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, कार्यालय सहायकों सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत कार्मिकों को प्रशिक्षण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए उपासना रानी वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिन कार्मिकों ने अभी तक कोई कोर्स पूरा नहीं किया है अथवा जिनके कोर्स अधूरे हैं, वे प्राथमिकता के आधार पर प्रशिक्षण पूरा करें। संबंधित अधिकारी अपने-अपने स्तर से सभी कार्मिकों की प्रगति की निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रशिक्षण पूर्ण हो जाए।
विभाग ने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों से निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने तथा प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक सूचना समय से उपलब्ध कराने को कहा है। माना जा रहा है कि मिशन कर्मयोगी के माध्यम से विभागीय कार्मिकों की कार्यकुशलता, डिजिटल दक्षता और प्रशासनिक क्षमता को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

