गाजीपुर। जिले के व्यापारियों की समस्याओं, जीएसटी से जुड़ी दिक्कतों एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाले विभिन्न मुद्दों के समाधान को लेकर जिला स्तरीय व्यापार बन्धु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला करेंगे।
उपायुक्त/कार्यालयाध्यक्ष, राज्य कर, गाजीपुर ने बताया कि बैठक 16 सितंबर 2026 को अपराह्न 5 बजे रायफल क्लब, कलेक्ट्रेट सभागार, गाजीपुर में आयोजित होगी। बैठक में व्यापारियों एवं व्यापार संघों से प्राप्त विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विशेष रूप से जीएसटी व्यवस्था से संबंधित किसी समस्या अथवा भ्रांति, नए जीएसटी पंजीकरण में आ रही कठिनाइयों तथा व्यापारियों को प्रभावित करने वाले अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही व्यापार संघों द्वारा संज्ञान में लाए गए ऐसे तथ्य, जिनके कारण व्यापारिक गतिविधियों में परेशानी उत्पन्न हो रही है, उन पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक को व्यापारियों की समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और उनके त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

