एम्स, अपोलो, बीएचयू, हेरिटेज व ओरियाना के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे निःशुल्क परामर्श, जांच और उपचार
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा-समर्पित सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गाजीपुर के लंका मैदान में 26, 27 एवं 28 सितंबर को तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा ने शुक्रवार को सिकंदरपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
अभिनव सिन्हा ने बताया कि शिविर में एम्स नई दिल्ली, अपोलो, बीएचयू, हेरिटेज तथा ओरियाना वाराणसी सहित प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराएंगे। प्रतिदिन करीब 10 से 12 हजार लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर में हृदय, न्यूरोलॉजी, हड्डी-जोड़, महिला एवं बाल रोग, नेत्र, ईएनटी, त्वचा, दंत, पेट-पाचन, किडनी-मूत्र एवं श्वसन रोग समेत विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं में निःशुल्क परामर्श, जांच, उपचार और दवा वितरण की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने बताया कि सर्जरी की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय में सर्जरी एवं उपचार की व्यवस्था की गई है। लगभग 30 विशेषज्ञ सर्जनों की टीम द्वारा 600 से 700 मरीजों की सर्जरी किए जाने का अनुमान है।
मरीजों की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है। श्री सिन्हा ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय एवं जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा उपस्थित रहे।

