गाजीपुर। जिले में बाढ़ और जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई को जारी रखने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित कुल 15 विद्यालयों में वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था लागू की गई है। इनमें 7 विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई, जबकि 8 विद्यालयों में सुरक्षित वैकल्पिक भवनों में ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होंगी।

ब्लॉकवार ऐसी रहेगी व्यवस्था

रेवतीपुर: चिन्हित 3 बाढ़ प्रभावित विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई नजदीकी सुरक्षित भवनों में ऑफलाइन कराई जाएगी।

भदौरा: कुल 5 प्रभावित विद्यालयों में से 2 में ऑफलाइन, जबकि जलमग्न 3 विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी।

जमानिया: 6 विद्यालयों में से 2 विद्यालयों में ऑफलाइन और 4 विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई कराई जाएगी।

मनिहारी: 1 बाढ़ प्रभावित विद्यालय को सुरक्षित वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित कर ऑफलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

 ऑनलाइन पढ़ाई से जुड़े रहेंगे बच्चे

ऑनलाइन संचालित होने वाले 7 विद्यालयों के शिक्षक व्हाट्सएप ग्रुप, ई-पाठशाला समेत अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए बच्चों तक शिक्षण सामग्री, गृहकार्य और जरूरी निर्देश पहुंचाएंगे, ताकि बाढ़ के बावजूद पढ़ाई का सिलसिला न टूटे।

सुरक्षित भवनों में होगी ऑफलाइन पढ़ाई

ऑफलाइन संचालित होने वाले 8 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वैकल्पिक भवन पूरी तरह सुरक्षित हों। वहां विद्यार्थियों के लिए पेयजल समेत जरूरी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी शिक्षक और कर्मचारी अपने दायित्वों का नियमित रूप से निर्वहन करेंगे। व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बाढ़ की चुनौती के बीच गाजीपुर बेसिक शिक्षा विभाग का यह फैसला बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा—दोनों को प्राथमिकता देने वाला कदम माना जा रहा है।