गाज़ीपुर। प्रदेश स्तरीय संघ समन्वय सब-जूनियर बालक एवं बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करने के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल का आयोजन 1 सितंबर 2026 को नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरा बाजार, गाज़ीपुर में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 9 सितंबर 2026 तक जनपद गाज़ियाबाद में प्रस्तावित है।
जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया में 30 बालक एवं 20 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 6 बालकों एवं 5 बालिकाओं, कुल 11 खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल के लिए किया गया।
चयनित खिलाड़ी अब 2 सितंबर 2026 को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा, वाराणसी में प्रातः 9:00 बजे तक मंडल स्तरीय चयन में प्रतिभाग करेंगे। यहां उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए आगे का चयन किया जाएगा।
जिला चयन/ट्रायल के दौरान बैडमिंटन प्रशिक्षक चंदन यादव एवं क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों के मार्गदर्शन एवं देखरेख में चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
खिलाड़ियों में दिखा उत्साह, प्रदेश स्तर पर पदक की उम्मीद
चयन के बाद खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले इन 11 खिलाड़ियों से अब मंडल स्तर पर भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। खेल विभाग एवं प्रशिक्षकों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में गाज़ीपुर का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई।

