गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के बकैनिया गांव के पास मंगलवार रात करीब 10 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। आलू से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि ट्रक भदौरा से गहमर की ओर जा रहा था। बकैनिया गांव के पास अंधे मोड़ पर अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे लगे डिवाइडर और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए गहरे गड्ढे में जा पलटा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गहमर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे में बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होने से संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई। पुलिस ने बिजली विभाग को सूचना देकर क्षतिग्रस्त खंभे की मरम्मत की कार्रवाई शुरू कराई।
गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी के अनुसार मृतक चालक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

