गाजीपुर। जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक सुचारु पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को उ.प्र. जल निगम (ग्रामीण), गाजीपुर के खंड कार्यालय में मुख्य अभियंता, वाराणसी क्षेत्र की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जल निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ टीपीआई, डीपीएमयू एवं फर्म एल एंड टी के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं की प्रगति, संचालन एवं जलापूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने तथा ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अकराव में जल अर्पण कार्यक्रम, ग्रामीणों ने जताई संतुष्टि

समीक्षा बैठक के बाद मुख्य अभियंता ने विकास खंड मनिहारी की अकराव ग्राम पाइप पेयजल योजना पर आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता (वि./या.), अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता (Civil/E&M), अवर अभियंता (Civil/E&M), फर्म एल एंड टी के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जल अर्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्य अभियंता ने ग्रामीणों से योजना के तहत हो रही जलापूर्ति की सीधी प्रतिक्रिया ली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नियमित रूप से जलापूर्ति हो रही है और योजना के सुचारु संचालन से वे संतुष्ट हैं।

ग्रामीणों की संतुष्टि ने यह संदेश दिया कि जलापूर्ति व्यवस्था के धरातल पर प्रभावी संचालन से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। अधिकारियों ने भी योजनाओं के सतत एवं सुचारु संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

“हर घर तक नल से जल—सिर्फ योजना नहीं, ग्रामीणों के जीवन में बदलाव की पहल” के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।