गाजीपुर। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता और जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर शनिवार को गाजीपुर में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अभियंता, वाराणसी क्षेत्र की अध्यक्षता में खण्ड कार्यालय, उ0 प्र0 जल निगम (ग्रामीण), गाजीपुर में जल निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा योजनाओं के अनुरक्षण एवं मरम्मत के लिए नामित फर्म मे0 सरला प्रो0 लि0 के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में जनपद में संचालित एवं जल निगम द्वारा निर्मित पेयजल योजनाओं की प्रगति, अनुरक्षण, मरम्मत तथा नियमित जलापूर्ति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा ग्रामीणों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

खरबाड़ीह में हुआ जल अर्पण कार्यक्रम

बैठक के बाद मुख्य अभियंता द्वारा विकास खण्ड मनिहारी की जल निगम द्वारा निर्मित खरबाड़ीह ग्राम पाइप पेयजल योजना पर आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता (Civil/E&M), अवर अभियंता (Civil/E&M), मे0 सरला प्रो0 लि0 के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अभियंता ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जलापूर्ति की स्थिति और गुणवत्ता को लेकर फीडबैक लिया। योजना के निरीक्षण में ग्राम के अंतिम छोर तक पूर्ण प्रेशर के साथ क्लोरीनयुक्त पेयजल की आपूर्ति होती हुई पाई गई, जिससे अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।

हालांकि, योजना परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर

मुख्य अभियंता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पेयजल योजनाओं से संबंधित ग्रामीणों की ओर से प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमित रूप से क्लोरीनयुक्त पेयजलापूर्ति, योजना परिसर की स्वच्छता और योजनाओं के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

‘जल सारथी’ ऐप को लेकर भी दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को ‘जल सारथी’ ऐप के संबंध में जानकारी दी तथा अधिक से अधिक लोगों से ऐप डाउनलोड कराने के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के माध्यम से जल निगम ने स्पष्ट संदेश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक सुरक्षित, स्वच्छ और नियमित पेयजल पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों द्वारा मौके पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की समीक्षा किए जाने से जलापूर्ति व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।