गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती उपासना रानी वर्मा ने रविवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मनिहारी का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षिक, स्वच्छता एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षिकाएं उपस्थित मिलीं।

बीएसए ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए परिसर को हमेशा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से किचन का गहन निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा रसोई की व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर जोर दिया।

विद्यालय में नामांकित छात्राओं के सापेक्ष छात्राओं की उपस्थिति का भी जायजा लिया गया। बीएसए ने छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति और नियमित विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

छात्राओं को दिया टीम भावना और आपसी समन्वय का संदेश

निरीक्षण के दौरान छात्राओं के बीच आपसी मतभेद की जानकारी मिलने पर बीएसए ने संवाद एवं सहयोग के माध्यम से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं को तालमेल, सहयोग और टीम भावना के साथ रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल और अन्य गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसी क्रम में लूडो जैसे खेलों के माध्यम से छात्राओं में सहभागिता, आपसी समन्वय और सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने को प्रोत्साहित किया गया।

छात्राओं के साथ बैठकर किया सहभोज

निरीक्षण का सबसे खास पहलू उस समय देखने को मिला, जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने छात्राओं के साथ बैठकर सहभोज किया और स्वयं भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया। इससे छात्राओं में भी उत्साह और अपनापन देखने को मिला।

बीएसए ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मनिहारी एवं जिला समन्वयक बालिका शिक्षा सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।