गाजीपुर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जंगीपुर की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी के शिकार हुए व्यक्ति को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस की सक्रियता से 41,446 रुपये की ठगी की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार पुत्र रामायन राम, निवासी ग्राम देवकठिया, थाना जंगीपुर, जनपद गाजीपुर के साथ साइबर ठगी की घटना हुई थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत NCRP पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई।

शिकायत प्राप्त होते ही साइबर हेल्प डेस्क थाना जंगीपुर ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए 41,446 रुपये की पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की।

इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक जमालुद्दीन एवं कांस्टेबल आलोक कुमार मौर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 ठगी की पूरी रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित विनोद कुमार ने गाजीपुर पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क थाना जंगीपुर का आभार व्यक्त किया।

यह कार्रवाई न सिर्फ पीड़ित के लिए राहत की खबर है, बल्कि साइबर अपराध के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराने और पुलिस से संपर्क करने की अहमियत भी बताती है।