गाजीपुर। जनपद में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 1 सितंबर से 14 सितंबर 2026 तक उल्लास साक्षरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाजीपुर ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पखवाड़े के दौरान जिले से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न जागरूकता एवं साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पखवाड़े का प्रमुख आकर्षण 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस का आयोजन होगा। इस अवसर पर जनपद, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को शिक्षा और साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उल्लास साक्षरता पखवाड़े के अंतर्गत 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के असाक्षर व्यक्तियों तथा वॉलंटियर्स का सर्वेयर के माध्यम से चिन्हांकन किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे लोगों को नव भारत साक्षरता कार्यक्रम से जोड़कर उन्हें पढ़ने-लिखने के साथ जीवनोपयोगी ज्ञान उपलब्ध कराना है।
वहीं, सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में कार्यशालाओं, संगोष्ठियों और सम्मेलनों के माध्यम से उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
रैली, प्रभात फेरी और नुक्कड़ नाटक से गूंजेगा साक्षरता का संदेश
पखवाड़े के दौरान परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, ग्राम प्रधानों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता से साक्षरता रैली, प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। छात्र-छात्राएं साक्षरता संबंधी नारों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता का संदेश पहुंचाएंगे।
विद्यालयों में प्रार्थना स्थल पर विद्यार्थियों को साक्षरता के महत्व की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें अपने घर और आसपास के असाक्षर व्यक्तियों को उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम से जोड़कर साक्षर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
'जन-जन साक्षर' के संदेश से सजेंगे विद्यालय और गांव
कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए “जन-जन साक्षर” (Jan Jan Sakshar) तथा “ULLAS – Understanding of Lifelong Learning for all in Society” जैसे संदेशों के साथ पोस्टर, पम्पलेट और दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया है कि 1 से 14 सितंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियो क्लिपिंग सुरक्षित रखी जाए। साथ ही 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोह को प्रभावी एवं व्यापक रूप से आयोजित करना सुनिश्चित किया जाए।
उल्लास साक्षरता पखवाड़े के जरिए गाजीपुर में शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने और असाक्षरता के खिलाफ सामूहिक जनभागीदारी का अभियान तेज होने की उम्मीद है।

