गाज़ीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी जनता पार्टी (चन्द्रशेखर) के वरिष्ठ नेता, प्रदेश सचिव एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रामविजय सिंह यादव के ग्राम चाड़ीपुर स्थित आवास/कैंप कार्यालय पर रविवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के बाद देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए रामविजय सिंह यादव ने कहा कि देशभक्तों और स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों की बदौलत आज हम सभी आजाद भारत में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल खुशी मनाने का पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी अवसर है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और वीर सपूतों के बलिदान से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
कार्यक्रम में शिक्षक सभा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भरत यादव ने कहा कि आजाद भारत की युवा पीढ़ी को शिक्षित होकर देश की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए युवा देश के विकास में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं और सच्ची देशभक्ति को सार्थक कर सकते हैं।
इस दौरान फौजदारी राम, दीनानाथ यादव, अरविन्द यादव, बादल राम, ओम कुमार, वीरेन्द्र राम, अंशु कुमार, प्रीति यादव, श्रीमती सोमवारी देवी, रविकान्त, अमन कुमार, विपुल कुमार, कुमारी खुशबू, विशाल कुमार, विकेश कुमार सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन आकाश यादव ने किया। समारोह के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए संकल्प लिया।

