प्राचार्य द्वारा सफल छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल द्वारा किया गया सम्मानित

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में 80 वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफ० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने एनसीसी की थल सेना और जल सेना इकाई का निरीक्षण किया और परेड की सलामी के उपरान्त राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का ध्वजारोहण किया। प्राचार्य की मौजूदगी में उच्च शिक्षा निदेशक के संदेश का वाचन किया गया, जिसमें स्वतंत्रता के महत्व और देश के प्रति कर्तव्यों पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर विनय कुमार दुबे एवं प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी ने कुशलतापूर्वक किया।

प्राचार्य प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। भारत आज विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है और शीघ्रता से तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमें शिक्षा, नवाचार , शोध और अनुशासन के माध्यम से देश को समृद्ध और शक्तिशाली बनाना होगा। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा युवा देश है और भारत अपने युवाओं के परिश्रम, उत्साह, ज्ञान एवं शोध के बल पर नया भारत समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत बनेगा। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स की अनुशासित प्रस्तुति की सराहना की। इसके साथ ही उन्हें देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। 

स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्राचार्य प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने घोषणा की कि महाविद्यालय के लिए हर्ष का विषय है कि आईएसओ द्वारा महाविद्यालय को शैक्षणिक गुणवत्ता, ऊर्जा, पर्यावरण, सुरक्षा एवं अनुसंधान दक्षता को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। उन्होंने ने कहा कि हमारे लिए दोहरी खुशी की बात है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भारतीय ज्ञान परम्परा के संवर्धन के शोध पीठ की स्थापना के लिए जो मानदंड तैयार किया है उसकी पात्रता जनपद में एक मात्र हमारा महाविद्यालय पूर्ण करता है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि प्राविधिक सहायक ग्रुप सी में चयनित महाविद्यालय के 18 छात्रों सहित एनसीसी आरडीसी परेड में सिल्वर मेडल प्राप्त आदित्य सिंह यादव एवं आई गाट के फाइनल में चयनित संगीत विभाग के राजू कनौजिया को प्राचार्य द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। एनसीसी कैडेट्स ने परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। कॉलेज परिसर को तिरंगे और रंग-बिरंगे गुब्बारों और झालरों से सजाया गया था। जिसने उत्सव का माहौल और आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान गाया और मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की। यह आयोजन स्वतंत्रता के गौरव और एकता का प्रतीक बना।