गाजीपुर, 16 अगस्त 2026। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की नौवीं पुण्यतिथि पर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय, छावनी लाइन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटल जी को नमन करते हुए उनके राष्ट्रहित में किए गए योगदान को याद किया।

अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा की प्रेरणा : ओमप्रकाश राय

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों और सहज व्यक्तित्व से राजनीति को नई गरिमा प्रदान की। उनका राष्ट्रवादी चिंतन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशील नेतृत्व आज भी समाज एवं राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत है।

पूर्व जिलाध्यक्ष वृजेन्द्र राय ने कहा कि अटल जी ने राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन माना। उनके व्यक्तित्व में दृढ़ता के साथ संवेदनशीलता और विचारों में राष्ट्रहित सर्वोपरि था। भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

कार्यकर्ताओं ने किया भावपूर्ण स्मरण

वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक आदर्शों और भारतीय मूल्यों के प्रति समर्पण की मिसाल है। उनका ओजस्वी व्यक्तित्व और प्रभावशाली वक्तृत्व भारतीय राजनीति की अमूल्य विरासत है। अटल जी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सुरेश बिंद, दुर्गा प्रसाद जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, राजन प्रजापति, अभिनव सिंह, हर्ष कुशवाहा, गोपाल वर्मा, आयुष सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।