बिरनो क्षेत्र में तीन स्थानों पर लगा स्वास्थ्य शिविर, जांच के साथ मरीजों को मुफ्त दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की पहल के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो की ओर से 13 अगस्त 2026 को ग्राम बघोल, शेखपुर और नखतपुर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। रक्तचाप, शुगर समेत विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए और जांच के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही चिकित्सकों ने मरीजों को उचित चिकित्सा परामर्श देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया।
तीनों शिविरों में कुल 241 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें बघोल में 85, शेखपुर में 83 और नखतपुर में 73 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और नि:शुल्क दवा प्राप्त की।
बघोल: 46 महिलाएं एवं 39 पुरुष
शेखपुर: 43 महिलाएं एवं 40 पुरुष
नखतपुर: 35 महिलाएं एवं 38 पुरुष
स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, खान-पान, स्वच्छता और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और समय रहते बीमारियों की पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना है।
शिविरों का आयोजन क्रमशः सीएचओ श्रीमती अर्चना यादव, श्रीमती वंदना मिश्रा एवं जिज्ञासा चित्रांशी तथा एएनएम श्रीमती निर्मला यादव एवं श्रीमती रेखा यादव द्वारा किया गया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को बेहद उपयोगी बताया।


