29 अगस्त को सब-जूनियर जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता, ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ बनेगा अभियान का संदेश

गाजीपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचन्द की जयंती 29 अगस्त को जिले में खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष आयोजन किया जाएगा। जिला खेल कार्यालय, गाजीपुर की ओर से स्व. मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम, करमपुर में सब-जूनियर बालक (14 वर्ष से कम आयु) की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ 29 अगस्त को सुबह 10 बजे होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टीमें सुबह 9:30 बजे तक स्टेडियम में अपनी प्रविष्टि करा सकती हैं। खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य किया गया है। प्रतियोगिता से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए हॉकी प्रशिक्षक इन्द्रदेव (मोबाइल: 9838131124) से संपर्क किया जा सकता है।

‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ बनेगा राष्ट्रीय संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस के साथ इस बार फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान की थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रखी गई है। इसमें स्कूल, कॉलेज, कार्यालय, खेल संस्थाएं और आम नागरिक सामूहिक रूप से खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में भाग लेंगे।

28 अगस्त को डिजिटल श्रद्धांजलि, जबकि 29 अगस्त को चैलेंज, पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। वहीं 29 अगस्त को ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान इस आयोजन की प्रमुख कड़ी रहेगा, जिसके माध्यम से देशवासियों को कम से कम एक घंटे खेल गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

30 अगस्त को साइकिल रैली और ‘रन एंड राइड’

अभियान के अंतिम दिन 30 अगस्त को स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही भारत को इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता मिलने के उपलक्ष्य में विशेष ‘रन एंड राइड’ (दौड़ एवं साइकिल यात्रा) का आयोजन भी किया जाएगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस के इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और नई खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।