स्पीड लेजर गन से लेकर नाइट विजन कैमरा और नंबर प्लेट पहचान प्रणाली से लैस हैं बाइकें, एसपी डॉ. ईरज राजा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए गाजीपुर पुलिस को दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन (रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल) उपलब्ध कराई गई हैं। सोमवार, 03 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा ने हरी झंडी दिखाकर दोनों इंटरसेप्टर बाइक को सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रवर्तन के लिए रवाना किया।

ये इंटरसेप्टर बाइकें आधुनिक तकनीक से लैस हैं। इनमें स्पीड लेजर गन, हाई विजिबिलिटी कैमरा, नाइट विजन कैमरा, नंबर प्लेट पहचान प्रणाली, मोबाइल, पीए सिस्टम, ब्रेथ एनालाइजर, डेसीबल मीटर, लाल-नीली बत्ती और हूटर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इन उपकरणों के माध्यम से तेज गति से वाहन चलाने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।

पुलिस के अनुसार इन वाहनों का प्रमुख उद्देश्य ओवरस्पीड और ड्रंकन ड्राइव के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

इन क्षेत्रों में रहेगा विशेष फोकस

इंटरसेप्टर बाइक शहर के बाहरी प्रवेश-निकास मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी रखेंगी। वहीं भीड़भाड़ और आवासीय इलाकों में ध्वनि प्रदूषण पर भी कार्रवाई की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के साथ-साथ चिन्हित क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा।

ZFD के अंतर्गत चिन्हित कोतवाली, सैदपुर, कासिमाबाद, नंदगंज और मरदह थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इन इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, नोडल यातायात राकेश कुमार मिश्र, यातायात निरीक्षक बालेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक यातायात मनीष कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक यातायात रणधीर कुमार गिरि सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हाईटेक इंटरसेप्टर के सड़क पर उतरने से अब तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग और अनावश्यक हॉर्न बजाने वालों पर तकनीक आधारित निगरानी और कार्रवाई और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।