गाजीपुर। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकास भवन के सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनपद के सभी विकासखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।

किसान दिवस में अधिकारियों के समक्ष किसानों ने सिंचाई, बिजली, पशु टीकाकरण और कृषि सुविधाओं से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं रखीं। वहीं, बैठक में अनुपस्थित रहने पर सहायक अभियंता, लघु सिंचाई का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया गया।

तोरिया बीज के लिए शुरू हुई बुकिंग

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को जानकारी दी कि कैच क्रॉप के रूप में बोई जाने वाली तोरिया फसल के निःशुल्क बीज वितरण के लिए बुकिंग प्रक्रिया चल रही है। किसान अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र पर जाकर अथवा स्वयं मोबाइल के माध्यम से तोरिया बीज के लिए बुकिंग करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग कराने वाले किसानों के लिए ई-लॉटरी 20 या 21 अगस्त को प्रस्तावित है। इसकी सूचना समाचार पत्रों एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से किसानों को दी जाएगी।

फार्मर रजिस्ट्री जल्द कराने की अपील

पीएम किसान योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री अभियान 16 से 21 अगस्त 2026 तक ग्रामवार चलाया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बन पाई है और उनका अंश निर्धारण हो चुका है, वे संबंधित लेखपाल, जनसेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर शीघ्र फार्मर रजिस्ट्री बनवा लें।

किसानों ने बेबाकी से रखीं समस्याएं

किसान दिवस में किसानों ने स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। शिवकुमार राय, ग्राम सियाड़ी, भांवरकोल ने गांव में एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) का टीकाकरण नहीं होने की शिकायत करते हुए टीकाकरण कराने की मांग की। वहीं पवन यादव, ग्राम ताड़ीघाट और जितेंद्र राय, ग्राम मिर्जाबाद ने भी अपने गांवों में पशुओं के एफएमडी टीकाकरण की मांग रखी।

चंद्रबली राय, ग्राम ढढ़नी ने जमानिया पंप कैनाल से निकलने वाले ताड़ीघाट रजवाहा की ढढ़नी से चौरी माइनर में टेल तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत की। उन्होंने किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की।

कृष्णानंद राय ने ग्राम उतरौली में बने चेकडैम का स्ट्रक्चर खराब होने से करीब 150 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित होने की समस्या उठाई और चेकडैम को दुरुस्त कराने की मांग की।

बिजली व्यवस्था को लेकर भी किसानों में नाराजगी

ईश्वर शरण उपाध्याय ने महरौली विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग की, ताकि किसानों को सिंचाई के दौरान बिजली की समस्या का सामना न करना पड़े।

वहीं अनूप राय, ग्राम पकड़ी ने गांव में जर्जर विद्युत तारों का मुद्दा उठाते हुए बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद तार नहीं बदले गए हैं। उन्होंने किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए जर्जर तारों को तत्काल बदलने तथा ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की, ताकि किसानों को सुचारू रूप से सिंचाई के लिए विद्युत आपूर्ति मिल सके।

किसानों की समस्याओं के समाधान पर जोर

किसान दिवस में सामने आई समस्याओं ने साफ कर दिया कि किसानों की प्राथमिक जरूरतें आज भी सिंचाई, बिजली, पशु स्वास्थ्य और कृषि संसाधनों से जुड़ी हुई हैं। बैठक में संबंधित विभागों को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।