गाज़ीपुर में 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण, पढ़ाई से लेकर भोजन और सुरक्षा तक लिया जायजा

गाज़ीपुर। छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में बुधवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जनपद के सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने विकासखण्ड में स्थित विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा, आवास, भोजन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कक्षाओं में पहुंचकर पठन-पाठन की स्थिति, छात्राओं की उपस्थिति तथा शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ली। इसके साथ ही छात्रावास, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने छात्राओं संग किया सहभोज

निरीक्षण का सबसे खास पहलू रहा अधिकारियों का छात्राओं और विद्यालय स्टाफ के साथ बैठकर भोजन करना। खण्ड शिक्षा अधिकारियों ने सहभोज के दौरान भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता का प्रत्यक्ष परीक्षण किया। इससे छात्राओं को अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिला।

अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया गया।

सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष जोर

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने विद्यालय की वार्डेन और संबंधित कर्मचारियों को छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण भोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण मिल सके।

निरीक्षण अभियान ने यह संदेश भी दिया कि छात्राओं की शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानजनक आवासीय वातावरण को लेकर विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है।