सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का सरकार पर हमला, बोले– जनता के पैसे की बंदरबांट बर्दाश्त नहीं

मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने अष्ट शहीद दिवस पर शेरपुर के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 18 अगस्त 1942 को जिन वीर सपूतों ने तिरंगे और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, उनकी शहादत हम सभी के लिए प्रेरणा है। शहीदों के सपनों के भारत की रक्षा करना आज हम सभी की जिम्मेदारी है।

अजय राय ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर है। सड़क निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन सड़कें कुछ ही समय में टूट जाती हैं। जनता के पैसे की बंदरबांट हो रही है और घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती।

उन्होंने कहा, “सरकार सड़कें बनवाने से ज्यादा उनके नाम पर भ्रष्टाचार करने में रुचि ले रही है। जनता के टैक्स के पैसे की लूट का हिसाब सरकार को देना होगा।”

उन्होंने उत्तर प्रदेश के फतेहपुर एवं लखनऊ में जेन-अल्फा से जुड़े बच्चों द्वारा अपनी समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर आवाज उठाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि आज की नई पीढ़ी जागरूक है और अपने अधिकारों को लेकर सवाल पूछ रही है। सरकार को बच्चों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अष्ट शहीदों की शहादत हमें अन्याय, तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देती है। कांग्रेस जनता के अधिकारों, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव फशाहत् हुसैन बाबू, ओम प्रकाश ओझा मनीष मोरोलिया जिला अध्यक्ष सुनील राम शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय आनंद राय चंडिका सिंह कमलेश्वर प्रसाद शर्मा ज्ञान प्रकाश सिंह सतीश उपाध्याय कुसुम तिवारी निशा सुमन चौबे हामिद अली सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।