गाजीपुर। महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए विशेष सुविधा देते हुए परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई।
इसी क्रम में गाजीपुर के रायफल क्लब सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का उद्बोधन सुना और योजना पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी देखी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जखनियां विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
महिलाओं को साड़ी और मिठाई देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने उपस्थित महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई यह योजना महिला सम्मान, आधी आबादी की खुशहाली और सशक्तीकरण का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा को लेकर लगातार काम कर रही है। रक्षाबंधन पर तीन दिनों तक निःशुल्क यात्रा के बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निरंतर निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा एक सराहनीय पहल है।
मंत्री ने अभिभावकों से बेटियों को पढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने की अपील करते हुए सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी राहत
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा मिलने से उन्हें अपने पारिवारिक, सामाजिक और आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी।
यह पहल विशेष रूप से उन वरिष्ठ महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिनके लिए यात्रा का खर्च कई बार बड़ी बाधा बन जाता है।
जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल महिला सशक्तीकरण और महिलाओं के हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
डीएम अनुपम शुक्ला को महिलाओं ने बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर कार्यक्रम का सबसे भावुक और आत्मीय पल उस समय देखने को मिला, जब उपस्थित महिलाओं ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं ने जिलाधिकारी के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली से जनपद में महिलाओं के बीच सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत हुई है। महिलाओं ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन के प्रयासों की सराहना भी की।
महिला सुरक्षा से सम्मान तक—सरकार का संकल्प
कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। निःशुल्क बस यात्रा जैसी योजनाएं न केवल आर्थिक राहत देती हैं, बल्कि वरिष्ठ महिलाओं को सामाजिक और पारिवारिक जीवन में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर भी प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सम्मान और संवेदनशील शासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, एआरएम रोडवेज समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

