गाजीपुर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस परिवार की ओर से डॉ. मार्कंडेय सिंह के पेट्रोल पंप परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं पूर्व विधायक श्रीमती पूनम पासवान जी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, सेवादल अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं पूर्व विधायक पूनम पासवान जी ने कहा कि राजीव गांधी जी आधुनिक भारत के निर्माता और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने के साथ-साथ विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में नई दिशा दी। राजीव गांधी जी की जयंती पर वृक्षारोपण करना उनके सपनों के भारत को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संकट पूरी मानवता के सामने बड़ी चुनौती है। बढ़ता प्रदूषण, घटता हरित क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन आने वाली पीढ़ियों के लिए चिंता का विषय है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि राजीव गांधी जी ने देश के युवाओं और नई पीढ़ी को आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया। उनकी जयंती पर वृक्षारोपण कर हम प्रकृति और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं पूर्व जिला अध्यक्ष डॉक्टर मारकंडेय सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, चंद्रिका सिंह हामिद अली आशुतोष गुप्ता, राम नगीना पांडे मंसूर आलम राईनी, संजय यादव, ओमप्रकाश भारद्वाज, शबीहुल हसन, लखन श्रीवास्तव, ताहिर अब्बासी,शशांक उपद्धयाय, सुधांशु तिवारी, ई. मुकेश राम, प्रेमचंद, बिंद, विनोद कुमार, शिवकुमार गुप्ता, मोनू गुप्ता, सुनील कुमार डेंजर, जय सत्यार्थ राय, अमित श्रीवास्तव आदि लोग उपस्थित रहे।