गाजीपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर गाजीपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। पुलिस अधीक्षक महोदय गाजीपुर ने ददरी घाट पहुंचकर कांवरियों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने गाजीपुर से महाहर धाम जाने वाले कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर कानून-व्यवस्था के मद्देनजर थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख गंगा घाटों का भी जायजा लिया गया।
शहर में भ्रमण के दौरान डायवर्जन प्वाइंट, बैरियर एवं सुरक्षा व्यवस्था को चेक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कांवरियों के आने-जाने वाले मार्गों, घाटों पर व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह के साथ उनकी सुरक्षा एवं सुविधा भी सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहे।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, भाजपा जिलाध्यक्ष, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।


