बहरियाबाद। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प कलश यात्रा बुधवार को सैदपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रस्थान कर जखनियां विधानसभा क्षेत्र पहुंची। यात्रा के बहरियाबाद क्षेत्र में प्रवेश करते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। सादात उत्तरी मंडल के प्यारेपुर में लोगों ने पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ कलश यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
यात्रा का कारवां इसके बाद अकराव, बहरियाबाद, रायपुर, टांडा एवं मजुई होते हुए मनिहारी प्रथम मंडल के शादियाबाद, सराय सदकर और मनिहारी पहुंचा। यहां भी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा मनिहारी द्वितीय मंडल के हंसराजपुर, पारा, छपरी, नहर एवं सिखड़ी मार्ग से होते हुए जखनियां प्रथम मंडल पहुंची, जहां रात्रि प्रवास एवं विश्राम की व्यवस्था की गई।
यात्रा के दौरान पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि संत रविदास महान समाज सुधारक, विचार क्रांति के अग्रदूत और भक्ति आंदोलन के प्रमुख संत थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव, जाति-पांति और आडंबरों का दृढ़ता से विरोध करते हुए समता, समरसता, बंधुत्व और मानवता का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकजुट करने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देने वाले हैं। उनकी शिक्षाएं सामाजिक समानता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का मार्ग दिखाती हैं।
कलश यात्रा के दौरान जगह-जगह उमड़ा जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं का उत्साह कार्यक्रम को विशेष बना रहा। यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, प्रो. शोभनाथ यादव, राजेश सोनकर, बृजेन्द्र राय, दिनेश सिंह सिंटू, शिवपूजन चौहान, संदीप सिंह सोनू, हंसराज राजभर, प्रदीप सिंह, रिपुंजय, दुर्गेश सिंह, बलवंत कुमार, वृजबाला, सरिता राव, गोदावरी राजभर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

