छह नमूने लिए गए, 36,740 रुपये कीमत का खाद्य पदार्थ जब्त; जांच रिपोर्ट के बाद होगी विधिक कार्रवाई

गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गाजीपुर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में आटा निर्माण इकाइयों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से आटे के कुल छह नमूने संग्रहित किए गए, जबकि 1454 किलोग्राम गेहूं का आटा, अनुमानित कीमत 36,740 रुपये, सीज किया गया।

अभियान के दौरान जमलापुर देहाती स्थित राजेश प्रसाद के विनिर्माण प्रतिष्ठान मेसर्स राजेश इंटरप्राइजेज से गोपाल भोग ब्रांड आटा एवं सम्पूर्ण भोग आटा के एक-एक नमूने लिए गए।

इसी क्रम में डेहमा, ताजपुर स्थित संजय यादव के प्रतिष्ठान मेसर्स अर्चना एग्रो इंडस्ट्रीज से चक्की फ्रेश आटा का एक नमूना संग्रहित किया गया। मौके पर 1376 किलोग्राम चक्की फ्रेश आटा, जिसकी अनुमानित कीमत 34,400 रुपये है, जब्त कर सीज किया गया।

बिरनो स्थित प्रेमकुमार यादव के प्रतिष्ठान मेसर्स चौधरी इंटरप्राइजेज से गेहूं के आटे का एक नमूना लिया गया। यहां 78 किलोग्राम गेहूं का आटा, अनुमानित कीमत 2,340 रुपये, जब्त किया गया।

वहीं रेवतीपुर स्थित ममता राय के विनिर्माण प्रतिष्ठान मेसर्स बाबा विश्वनाथ राइस एंड फ्लोर मिल से किसान शक्ति भोग ब्रांड गेहूं के आटे के दो नमूने संग्रहित किए गए।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान की कार्रवाई आरसी पांडेय, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, गाजीपुर एवं नरेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, गाजीपुर के नेतृत्व में की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ शामिल रहे।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से आटा निर्माण एवं बिक्री से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।