गाजीपुर। सृष्टि सेवा ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने आज जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से मुलाकात कर जनपद की वंचित बस्तियों में रहने वाले परिवारों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से बच्चों के आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र, शिक्षा तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
संस्था द्वारा किए गए सर्वेक्षण के आधार पर प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई परिवार आज भी आवश्यक दस्तावेजों एवं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। संस्था की ओर से इन बस्तियों में आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष कैंप आयोजित कराने तथा जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ कराने का अनुरोध किया गया।
इस अवसर पर संस्था की ओर से जिलाधिकारी को राष्ट्रीय चिन्ह अशोक स्तंभ भेंट कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिया।
इस दौरान सृष्टि सेवा ट्रस्ट के संस्थापक राजकुमार मौर्य, राकेश कुमार यादव, सोनम यादव, सावित्री देवी, यूनाइटेड मीडिया प्रमुख उपेन्द्र यादव, आशीष कुमार गुप्ता, विश्वबंधु कमांडर तथा पहल टुडे से कृपा शंकर यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान कृपा शंकर यादव एवं उपस्थित सभी लोगों ने सृष्टि सेवा ट्रस्ट द्वारा वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की तथा संस्था के प्रयासों को समाज के जरूरतमंद वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
संस्था के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन की पहल से इन वंचित परिवारों को आवश्यक दस्तावेज एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

