गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) के कक्षा 9-10 के पूर्वदशम् तथा कक्षा 11-12 के दशमोत्तर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाने के लिए शासन ने ऑनलाइन आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति वितरण तक की समय-सारिणी जारी कर दी है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों द्वारा छात्रवृत्ति के मास्टर डाटाबेस में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन, जिला विद्यालय निरीक्षक के समक्ष आवश्यक प्रपत्र प्रस्तुत करने तथा नवीन संस्थाओं द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी से पासवर्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इसके साथ ही विद्यालयों को मास्टर डाटा अपडेट करने सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक पूरी करनी होगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने जनपद के सभी पूर्वदशम् एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति संचालित शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति से संबंधित सभी प्रक्रियाएं समय से पूर्ण कर लें।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों की समयबद्ध कार्रवाई से पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ निर्धारित समय पर मिल सकेगा। विभाग ने शिक्षण संस्थानों से किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतते हुए निर्धारित अवधि में सभी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।

