गाजीपुर। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में विशेष परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर द्वारा भारत सरकार की एडिप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में पात्र लाभार्थियों का परीक्षण एवं पंजीकरण किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाएं। शिविर में एलिम्को के कार्मिक मौजूद रहेंगे।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए पात्रता
राष्ट्रीय वयोश्री योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना अनिवार्य है। पहचान के लिए आधार कार्ड अथवा आधार नामांकन पावती प्रस्तुत की जा सकती है।
आर्थिक पात्रता के लिए बीपीएल राशन कार्ड, मनरेगा कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन का प्रमाण, दिव्यांगता पेंशन कार्ड अथवा निर्धारित आय सीमा से कम होने का आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है। बीपीएल श्रेणी से बाहर के वरिष्ठ नागरिकों की सभी स्रोतों से मासिक आय 15 हजार रुपये से कम होनी चाहिए।
दिव्यांगजनों के लिए जरूरी दस्तावेज
एडिप योजना के तहत लाभ लेने के लिए भारतीय नागरिक होना आवश्यक है। लाभार्थी को आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र/यूडीआईडी कार्ड तथा न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। साथ ही सभी स्रोतों से मासिक आय 22,500 रुपये से कम होने का आय प्रमाण पत्र भी आवश्यक होगा।
इन तारीखों पर लगेंगे शिविर
दिनांक विकास खण्ड
24 अगस्त 2026 देवकली, सैदपुर
25 अगस्त 2026 जखनियां, सादात
29 अगस्त 2026 मनिहारी, बिरनों
31 अगस्त 2026 करण्डा, सदर
1 सितंबर 2026 कासिमाबाद, मरदह
2 सितंबर 2026 बाराचवर, मोहम्मदाबाद
3 सितंबर 2026 जमानियां, रेवतीपुर
5 सितंबर 2026 भावरकोल, भदौरा
सभी शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। संबंधित विकास खण्ड अधिकारी तथा एलिम्को की टीम की मौजूदगी में लाभार्थियों का परीक्षण और पंजीकरण किया जाएगा।
प्रशासन ने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे अपने सभी मूल आवश्यक दस्तावेजों एवं उनकी छायाप्रतियों के साथ निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचें, ताकि पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरणों का लाभ दिलाया जा सके।

