गाजीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के करंडा ब्लॉक स्थित चकिया गांव में बुधवार को समाजवादी आंदोलन के प्रखर चिंतक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती सामाजिक और राजनीतिक संदेश के साथ मनाई गई। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने ग्रामीणों एवं ब्राह्मण समाज के बीच पहुंचकर जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने और वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए सरकार बनाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का आयोजन रामलीला कमेटी के अध्यक्ष यशवंत पांडेय के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं समाजवादी कार्यकर्ता शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने जनेश्वर मिश्र के सादगीपूर्ण जीवन, संघर्ष और समाजवादी मूल्यों के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

अपने संबोधन में पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने कहा कि जनेश्वर मिश्र का पूरा जीवन सादगी, संघर्ष और समाजवादी सिद्धांतों के प्रति समर्पण की मिसाल रहा। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहें और गांव-गांव जाकर जनहित के मुद्दों तथा समाजवादी पार्टी की नीतियों से लोगों को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का मजबूत आधार बनेगी।

पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने उपस्थित ग्रामीणों से अधिक से अधिक लोगों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके समाजवादी मूल्यों और संघर्ष की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

ब्राह्मण समाज ने सपा को समर्थन का लिया संकल्प

कार्यक्रम के आयोजक यशवंत पांडेय ने कहा कि चकिया गांव का ब्राह्मण समाज समाजवादी विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि समाज अखिलेश यादव को अपना समर्थन और आशीर्वाद देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी को गांव और क्षेत्र से मजबूत समर्थन मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने उपस्थित लोगों को समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने तथा वर्ष 2027 में पीडीए सरकार बनाने के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर ताराचन्द पांडेय, प्रेमचन्द्र पांडेय, तेजभान पांडेय, श्रीकान्त पांडेय, इंद्रजीत पांडेय, सन्तोष पांडेय, गोविंद पांडेय, नितेश पांडेय, होशियार पांडेय, आशीष पांडेय, सत्यम पांडेय, नीरज पांडेय, संजय पांडेय, सन्नी पांडेय, विनय पांडेय, विशाल पांडेय, आर्यन पांडेय, अजीत पांडेय, नंदलाल पांडेय, राधेश्याम पांडेय, रोहन शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।