गाजीपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने वाले एकल विद्यालय अभियान को नई मजबूती देते हुए शादियाबाद संच मुख्यालय का लोकार्पण प्रोफेसर डॉ. मदन यादव के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में संच प्रमुख प्रमिला यादव की अगुवाई में शादियाबाद संच के अंतर्गत कार्यरत सभी 30 आचार्य बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर आचार्य बहनों को पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मदन यादव ने कहा कि आज के आर्थिक दौर में मात्र 1500 रुपये मासिक मानदेय पर ग्रामीण अंचलों के बच्चों को शिक्षित करने का कार्य अत्यंत प्रेरणादायक और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि एकल विद्यालय की आचार्य बहनें गांवों के बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने का सराहनीय प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने संच प्रमुख प्रमिला यादव एवं सभी आचार्य बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में जब भी आवश्यकता होगी, वह तन-मन से इस संच के सहयोग के लिए सदैव तैयार रहेंगे। साथ ही उन्होंने इस पुनीत कार्य में आमंत्रित कर सम्मान देने के लिए संच परिवार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद यादव सहित हंसराजपुर-मनिहारी संच की आचार्य बहनों की उपस्थिति रही।
एकल विद्यालय के इस नए संच मुख्यालय के लोकार्पण से क्षेत्र में शिक्षा जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

