गाजीपुर । समाजवादी पार्टी की महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं सदर विधानसभा प्रभारी पुनीता सिंह खुशबू ने आज ग्राम सभा लोनेपुर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से तत्काल संवाद किया। इस दौरान बिजली-पानी, स्वास्थ्य और प्रशासनिक विषयों से जुड़ी समस्याएँ प्रमुख रूप से सामने आईं, जिनके निराकरण के लिए पुनीता सिंह खुशबू ने स्पष्ट निर्देश दिए।
कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। प्रमुख वक्ता यादव महासभा एवं पिछड़ा दलित विकास महासंघ के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव साइकिल ने हाल ही में लागू हुई नई शिक्षा नीति का विस्तार से विश्लेषण प्रस्तुत किया और कहा कि बच्चों को शिक्षित करना समाज के आने वाले सुधारक तैयार करने के समान है। परिचर्चा में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपने विचार साझा किए, जिसमें विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया गया।
जनसंवाद कार्यक्रम के अंत में महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें अभिन्दन माला पहनाकर सैकड़ों ग्रामीणों ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनहित, पर्यावरण संरक्षण और कानून के दायरे में रहते हुए निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे जनसंवाद कार्यक्रम जनता और नेतृत्व के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं और समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम हैं।
इस मौके पर सेक्टर प्रभारी सिहासन यादव, जिला पंचायत प्रत्याशी अभिषेक यादव बिट्टू, ग्रामसभा बाघी के पूर्व प्रधान अशोक यादव, अजय यादव, बूथ अध्यक्ष टुन्नू यादव, और कार्यक्रम की संयोजक रीता सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





