गाजीपुर। जनपद के सदर ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत अगस्ता सलामतपुर ग्रामसभा में आज गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर आस्था, परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम देखने को मिला। ग्राम सभा के अस्थाई गौशाला परिसर में पूर्व प्रधान प्रमोद कुशवाहा एवं ग्राम सचिव और डॉ. यादव के नेतृत्व में गौ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सुबह से ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल था। पूजा में गौमाता का विधिवत पूजन किया गया। पूजा के दौरान मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिलाएं और युवा वर्ग सम्मिलित हुए। उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि गौ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह गौवंश संरक्षण और ग्रामीण समरसता का प्रतीक है।
पूर्व प्रधान प्रमोद कुशवाहा ने कहा कि गौमाता हमारी संस्कृति की आत्मा हैं, और उनके संरक्षण से ही गांव की समृद्धि जुड़ी है। ग्राम सचिव ने इस आयोजन को ग्रामीण एकता का उदाहरण बताया।
सभी ने “गौमाता की जय” के जयघोष के साथ सामाजिक सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

