गाजीपुर। ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना जंगीपुर साइबर सेल ने तीन पीड़ितों की कुल ₹7,103 की फ्रॉड राशि NCRP पोर्टल के माध्यम से वापस करा दी। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली।

पुलिस के अनुसार, ग्राम देवकथिया निवासी गोविंद सिंह यादव से ₹1,011, निहाल नगर निवासी आरती से ₹3,192 तथा ग्राम मानपुर निवासी मो. आरिफ से ₹2,900 की धनराशि UPI के माध्यम से फ्रॉड की गई थी। पीड़ितों ने तत्परता दिखाते हुए 1930 साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही थाना जंगीपुर साइबर सेल ने मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू की। साइबर टीम के प्रयास से 02 अक्टूबर 2026 को तीनों आवेदकों के खातों में फ्रॉड की कुल ₹7,103 की धनराशि NCRP पोर्टल के जरिए वापस करा दी गई।

रुपये वापस मिलने पर पीड़ितों ने जंगीपुर साइबर सेल की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते सुरक्षित कर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।