गाजीपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को व्यापक पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी सैदपुर सहित सभी प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, चौराहों, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल भ्रमण किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली तथा सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस के इस व्यापक अभियान से प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नजर आई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अराजकता पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

