गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सैदपुर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, एक कार और ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।

दिनांक 01/02 अक्टूबर 2026 की रात सैदपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम परमानन्दपुर स्थित काली माता मंदिर के पास कुछ लोग शराब के ठेके से शराब लाकर एक कार में लाद रहे हैं। शराब की यह खेप बिहार ले जाने की तैयारी में थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखकर कार में शराब लाद रहे दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि रमन सिंह पुत्र संतोष सिंह, निवासी ग्राम पहाड़पुर, थाना गड़वार, जनपद बलिया, उम्र करीब 19 वर्ष को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान सफेद रंग की कार से 204 बोतल 750 एमएल तथा 264 बोतल 375 एमएल, कुल 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके अलावा एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया।

मामले में थाना सैदपुर पर मु0अ0सं0 335/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में भी पुलिस टीम जुटी हुई है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव, उपनिरीक्षक शिवमणि सेन तथा एंटी कैटल टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।