गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 को सुभाष इंटरमीडिएट कॉलेज, फतेहुल्लापुर में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीएसआई मनीष कुमार त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस दौरान बच्चों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।

यातायात पुलिस ने बच्चों को समझाया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। बच्चों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार यातायात व्यवहार की भावना को मजबूत करना रहा।