गाजीपुर में एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन की अहम बैठक, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

गाजीपुर। आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 को राइफल क्लब सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में अधिकारियों ने चुनाव की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, चुनाव संबंधी सभी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने और किसी भी स्थिति में शांति एवं व्यवस्था प्रभावित न होने देने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।