गाजीपुर, 06 अक्टूबर 2026 । दशहरा, दुर्गापूजा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। त्योहारों के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द कायम रखने के उद्देश्य से 08 अक्टूबर 2026 को शाम 5:30 बजे पुलिस लाइन सभागार, गाजीपुर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी।

यह बैठक जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की अध्यक्षता में होगी। पूर्व निर्धारित 07 अक्टूबर की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर अब 08 अक्टूबर को आयोजित की गई है।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। वहीं समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों से सभी समुदायों के कम से कम पांच सम्मानित धर्मगुरुओं तथा रामलीला कमेटी एवं दुर्गापूजा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक में उपस्थित होंगे।

प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावना को रोकना तथा सभी समुदायों के बीच शांति, सद्भाव और भाईचारे का माहौल बनाए रखना है।